कानपुर देहात में विदाई के बाद दुल्हन बनी लुटेरों का निशाना, दूल्हे की गाड़ी रुकवाकर मारपीट दुल्हन के जेवर लूटे
निष्पक्ष जन अवलोकन।
अंकित तिवारी
कानपुर देहात। जिले के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब विदाई के बाद घर लौट रहे दूल्हा-दुल्हन को बीच रास्ते दबंगों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने दिनदहाड़े दूल्हे की कार रुकवाकर पहले ड्राइवर की पिटाई की और फिर दूल्हे को बेरहमी से पीटा। इसके बाद दुल्हन के शरीर पर पहने कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक औरैया से आई बारात शादी समारोह के बाद विदाई कराकर वापस लौट रही थी। दूल्हा-दुल्हन नई जिंदगी के सपनों के साथ कार में सवार होकर अपने घर की ओर जा रहे थे। तभी रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के भवनपुर भट्टा के पास कुछ दबंगों ने फिल्मी अंदाज में गाड़ी को बीच सड़क पर रोक लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कार रोकते ही पहले ड्राइवर को पीटना शुरू कर दिया। ड्राइवर को काबू में करने के बाद दूल्हे को भी निशाना बनाया गया और उसके साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान दुल्हन के कानों के झुमके समेत शरीर पर पहने सभी कीमती जेवरात लूट लिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद दूल्हा-दुल्हन सीधे थाने पहुंचे और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज लूट का खुलासा किया जाएगा। अब बड़ा सवाल आखिर शादी से लौट रही कार को बीच रास्ते कैसे रोक लिया गया क्या बदमाशों को पहले से बारात की जानकारी थी दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






