ग्रीष्मकाल में बढ़ते तापमान एवं संभावित लू (हीट वेव) एवं पेयजल के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार, चित्रकूट में समीक्षा बैठक आयोजित की गई
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।ग्रीष्मकाल में बढ़ते तापमान एवं संभावित लू (हीट वेव) एवं पेयजल के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार, चित्रकूट में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डी पी पाल एवं अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) चंद्रशेखर द्वारा की गई। बैठक में जनपद के समस्त संबंधित विभागों को लू प्रकोप एवं पेयजल की समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसामान्य को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। नगर पालिका एवं जल संस्थान को विशेष रूप से निर्देश दिए गए कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखा जाए। जहां कहीं भी पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, खराब हैंडपंपों एवं पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया कि क्षतिग्रस्त एवं निष्क्रिय नलकूपों / संरचनाओं की मरम्मत कर उन्हें क्रियाशील बनाया जाए। साथ ही, तालाबों को यथासंभव भरवाने की कार्यवाही की जाए तथा ब्लॉकवार तालाबों की सूची तैयार कर कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए l जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद की समस्त गैस एजेंसियों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार ओआरएस (ORS) पैकेट की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई जाएl विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे पेयजल आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में कोई बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही, आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों को सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए गए,अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।









