ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का संगठन विस्तार अभियान तेज, तहसील अध्यक्ष सम्मानित
निष्पक्ष जन अवलोकन
प्रमोद सिन्हा
गाजीपुर जमानियां। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ सिंह के निर्देश पर वाराणसी मंडल में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष संपर्क अभियान चलाया गया। मंडल संरक्षक तारकेश्वर सिंह के नेतृत्व में गाजीपुर जनपद प्रभारी प्रदीप पांडेय, मंडल अध्यक्ष विन्देश्वरी सिंह एवं जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने जनपद की सभी तहसीलों का दौरा कर तहसील अध्यक्षों को सम्मानित किया तथा संगठनात्मक बैठकें आयोजित कीं। एक ही दिन में लगातार लगभग बारह घंटे तक चले इस व्यापक दौरे के दौरान मंडलीय टीम ने सात तहसीलों में बैठक कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने का संदेश दिया। वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि तहसील इकाइयों तक पहुंचकर पदाधिकारियों का सम्मान करना संगठन को नई ऊर्जा देने वाला कदम है। इससे तहसील स्तर के पत्रकारों में उत्साह बढ़ा है तथा उन्हें मंडल एवं प्रांतीय नेतृत्व का सीधा सानिध्य मिलने लगा है। वरिष्ठ पत्रकारों ने बताया कि प्रदेश संरक्षक डॉ. के. एन. राय के प्रयासों से संगठन “जब तक जोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं” के सूत्र वाक्य पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। मंडल अध्यक्ष विन्देश्वरी सिंह ने कहा कि संगठन पत्रकार हितों के लिए लगातार कार्य कर रहा है और मंडल की सभी इकाइयों को सक्रिय किया जा रहा है। इसी क्रम में जमानियां तहसील के पत्रकार सलीम मंसूरी के आवास पर पहुंचकर उन्हें तहसील अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपते हुए सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकारों ने मंडलीय टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे युवा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा को भी संगठन को और अधिक मजबूती देने में बल मिलेगा।









