कल्याण भारती इंटर कॉलेज का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम, छात्र-छात्राओं ने लहराया परचम
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। कर्वी स्थित कल्याण भारती इंटर कॉलेज का हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय परिवार में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। हालांकि गृहविज्ञान विषय में अपेक्षाकृत कम अंक आने से कई मेधावी छात्र-छात्राओं की मेरिट प्रभावित हुई। विद्यालय की प्रधानाचार्या कल्पना राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं में इस वर्ष सभी विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सुनियोजित रणनीति, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह परिणाम संभव हो सका। - हाईस्कूल में रवि अव्वल, इंटर में खुशी ने मारी बाजी कक्षा 10वीं में रवि राजपूत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवानी देवी दूसरे और चेतना पांडेय तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं कक्षा 12वीं में खुशी देवी ने प्रथम स्थान हासिल किया और सपना देवी द्वितीय स्थान पर रहीं। विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक जे.पी. राजपूत ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर कठिन परिश्रम और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया। अंग्रेजी प्रवक्ता विनोद कुमार ने कहा कि यदि सही तरीके से पढ़ाई की जाए तो अंग्रेजी विषय भी सरल हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को विषय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









