ग्रामीण गोरखपुर का कमाल: टैलेंट विजन जूनियर हाई स्कूल बना राष्ट्रीय शिक्षा अवार्ड विजेता

गोरखपुर के टैलेंट विजन जूनियर हाई स्कूल ने LEAD ग्रुप के Education Award 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। जानें पूरी खबर।

ग्रामीण गोरखपुर का कमाल: टैलेंट विजन जूनियर हाई स्कूल बना राष्ट्रीय शिक्षा अवार्ड विजेता
हैदराबाद में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय शिक्षा अवार्ड प्राप्त करते टैलेंट विजन जूनियर हाई स्कूल के प्रतिनिधि।

विभव पाठक /ब्यूरो चीफ 

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। जिले के ग्रामीण अंचल में स्थित टैलेंट विजन जूनियर हाई स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए LEAD ग्रुप के शिक्षा अवार्ड 2025-26 में राष्ट्रीय विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान 17 अप्रैल को हैदराबाद के होटल नोवोटेल में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।

देशभर के 3000 से अधिक स्कूलों और 22000 शिक्षकों के बीच हुए कड़े प्रतिस्पर्धी चयन में टैलेंट विजन स्कूल का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना न केवल गोरखपुर, बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए गर्व का विषय है। उल्लेखनीय है कि विद्यालय ने वर्ष 2024-25 में भी स्टेट विनर का खिताब अपने नाम किया था, और इस वर्ष निरंतर प्रयासों के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान स्थापित कर ली।

विद्यालय के निदेशक जी.पी. गुणाकर ने इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार के समर्पण और गुणवत्ता आधारित शिक्षा प्रणाली का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी उत्कृष्ट और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना ही संस्थान का मूल उद्देश्य है, ताकि वे भविष्य में किसी भी स्तर पर पीछे न रहें। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सभी सहयोगियों को दिया।

यह शिक्षा अवार्ड देश के सबसे प्रतिष्ठित स्कूल सम्मान कार्यक्रमों में से एक माना जाता है, जो उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम, नवाचार और शिक्षण पद्धति में गुणवत्ता के आधार पर दिया जाता है। टैलेंट विजन जूनियर हाई स्कूल की यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।