गीडा में फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का 3 जून को लोकार्पण, 1000 लोगों को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 जून को गोरखपुर के गीडा में 42.50 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। परियोजना में 80 एमएसएमई इकाइयों को स्थान मिलेगा और करीब 1000 रोजगार सृजित होंगे।

गीडा में फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का 3 जून को लोकार्पण, 1000 लोगों को मिलेगा रोजगार
गीडा सेक्टर-13 में निर्मित 42.50 करोड़ रुपये की लागत वाला फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, जिसका 3 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे।

विभव पाठक

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर, 31 मई। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में औद्योगिक विकास और उद्यमिता को नई गति मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 जून को गीडा के सेक्टर-13 में निर्मित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। यह उत्तर प्रदेश का दूसरा फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स है, जिसे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री गीडा क्षेत्र में विकसित एलआईजी-ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का उद्घाटन करने के साथ करीब 208 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।

42.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स गीडा के औद्योगिक सेक्टर-13 में 10860 वर्गमीटर (2.68 एकड़) क्षेत्रफल में तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की सोच को साकार करने वाली यह परियोजना पूर्वांचल के औद्योगिक परिदृश्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे पहले प्रदेश में एमएसएमई विभाग की ओर से कानपुर में फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स स्थापित किया गया था।

गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक के अनुसार कॉम्प्लेक्स का इंडस्ट्रियल ब्लॉक जी+3 स्वरूप में विकसित किया गया है, जिसमें 80 औद्योगिक इकाइयों के लिए लगभग 97.51 वर्गमीटर क्षेत्रफल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त एमिनिटी एवं यूटिलिटी ब्लॉक में 42 इकाइयों के लिए 20.89 वर्गमीटर क्षेत्र उपलब्ध कराया गया है। यहां बैंक, गोदाम, सेल्स शोरूम तथा अन्य व्यावसायिक सुविधाओं की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस कॉम्प्लेक्स की सबसे बड़ी विशेषता इसका प्लग एंड प्ले मॉडल है। यानी उद्यमियों को उद्योग शुरू करने के लिए अलग से आधारभूत सुविधाएं विकसित नहीं करनी होंगी। सभी आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध होने के कारण आवंटन के तुरंत बाद उत्पादन कार्य शुरू किया जा सकेगा। इससे विशेष रूप से रेडीमेड गारमेंट, आईटी और फार्मा सेक्टर की प्रदूषण रहित एमएसएमई इकाइयों को लाभ मिलेगा। अनुमान है कि इस परियोजना से प्रत्यक्ष रूप से लगभग एक हजार लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर गीडा सेक्टर-11 स्थित एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। 18.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना में 96 फ्लैट बनाए गए हैं, जिनमें 48 ईडब्ल्यूएस और 48 एलआईजी आवास शामिल हैं। इनका आवंटन गीडा में कार्यरत श्रमिकों को ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री गीडा के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में सड़क, नाली, पुलिया, बिजली, वेस्ट मैनेजमेंट, वाटर ट्रीटमेंट और सीवरेज नेटवर्क जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़े 71 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं पर कुल 207.96 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। इन विकास कार्यों से गीडा का औद्योगिक ढांचा और अधिक मजबूत होगा तथा पूर्वांचल में निवेश और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा।