एमजीयूजी में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने ली शपथ

महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर रासेयो इकाइयों द्वारा जागरूकता व्याख्यान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

एमजीयूजी में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने ली शपथ

विभव पाठक

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर, 31 मई। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (एमजीयूजी) में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) की माता अनुसुइया इकाई एवं स्वामी विवेकानंद इकाई के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता व्याख्यान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

व्याख्यान सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुमन यादव ने कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य है। यदि युवा तंबाकू सेवन जैसी घातक आदतों से स्वयं को दूर रखें, तो वे एक स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए जागरूक, संवेदनशील और उत्तरदायी नागरिक तैयार करना भी है।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नितीश कुमार ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस की इस वर्ष की थीम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधक बनता है। उन्होंने युवाओं से तंबाकू और उससे जुड़े सभी उत्पादों से दूर रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं शिक्षकों ने तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए इसके प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली और नशा मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।