गोरखपुर में देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की 301वीं जयंती 31 मई को मनाई जाएगी
पाल समाज विचार मंच गोरखपुर द्वारा 31 मई 2026 को देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की 301वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रक्तदान शिविर और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। पाल समाज विचार मंच, गोरखपुर द्वारा पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की 301वीं जयंती के शुभ अवसर पर 31 मई 2026, रविवार को भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्री वृंदावन रिसोर्ट, निकट पराग डेयरी, खजनी रोड, खानीमपुर, गोरखपुर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे खानीमपुर स्थित शिव मंदिर के निकट स्थापित माता अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण से होगी। इसके उपरांत भव्य शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी, जहां विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं की विशेष सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के अंतर्गत दीप प्रज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर तथा विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पाल समाज विचार मंच गोरखपुर के संयोजक श्री जनार्दन पाल ने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महान लोकसेवी, न्यायप्रिय एवं आदर्श शासक थीं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सेवा, शिक्षा एवं सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आदरणीय धर्मदेव पाल चौधरी, CA, ICWA एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, Aviance Biomedical Limited, नोएडा का आगमन होगा।
अखिल भारतीय पाल महासभा गोरखपुर के जिलाध्यक्ष एवं पाल समाज विचार मंच गोरखपुर के सक्रिय सदस्य चंद्रपाल पहलवान ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।









