सिटी इंटरनेशनल स्कूल में एसएसबी का बाल स्वास्थ्य शिविर, छात्रों की हुई स्वास्थ्य जांच

गोरखपुर के सिटी इंटरनेशनल स्कूल में एसएसबी द्वारा आयोजित बाल स्वास्थ्य शिविर में छात्रों की स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञों ने आहार, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूक किया।

सिटी इंटरनेशनल स्कूल में एसएसबी का बाल स्वास्थ्य शिविर, छात्रों की हुई स्वास्थ्य जांच
सीमांत सुरक्षा बल के कंपोजिट हॉस्पिटल गोरखपुर द्वारा सिटी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित बाल स्वास्थ्य शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच करते मेडिकल विशेषज्ञ।

विभव पाठक 

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। सीमांत सुरक्षा बल के कंपोजिट हॉस्पिटल गोरखपुर द्वारा बरगदवा स्थित सिटी इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को बाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ उन्हें संतुलित आहार, स्वच्छता, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।

शिविर का संचालन कमांडेंट (मेडिकल) डॉ. सुमीत सौरभ के नेतृत्व में किया गया। मेडिकल टीम ने बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ एनीमिया, कुपोषण, कृमि संक्रमण और नेत्र संबंधी समस्याओं की भी जांच की। जांच के दौरान जिन बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी शुरुआती लक्षण पाए गए, उन्हें उचित परामर्श और आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई।

इस अवसर पर मेडिकल विशेषज्ञों ने बच्चों को संतुलित भोजन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों को बताया गया कि नियमित रूप से पौष्टिक आहार लेने, पर्याप्त पानी पीने, हरी सब्जियों और फलों का सेवन करने तथा जंक फूड से दूरी बनाने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। साथ ही हाथ धोने, साफ-सफाई बनाए रखने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की आदत विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों को भी बच्चों की मानसिक और भावनात्मक आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों पर पढ़ाई और प्रतिस्पर्धा का दबाव बढ़ रहा है, ऐसे में उनके मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यवहार में बदलाव, चिड़चिड़ापन या पढ़ाई में रुचि कम होने जैसे संकेतों को गंभीरता से लेना चाहिए और समय रहते उचित मार्गदर्शन देना चाहिए।

शिविर में एसएम/एसआईसी सिंडी, एसआई/एसएन प्रिया काजला, सीटीजीडी उपेंद्र पाल तथा सीटी/डीवीआर संजय कुमार भी उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रिंसिपल नसीमा शाहीन ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों और अभिभावकों दोनों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही बेहतर भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम के अंत में छात्रों और शिक्षकों ने मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।