मान्यता प्राप्त निजी स्कूल एसोसिएशन ने मंडलायुक्त को सौंपा चार सूत्रीय मांग पत्र

मान्यता प्राप्त निजी स्कूल एसोसिएशन ने मंडलायुक्त को सौंपा चार सूत्रीय मांग पत्र

निष्पक जन अवलोकन। मनोज अग्रहरी। मीरजापुर। सामाजिक संगठनों व विद्यालय संचालकों ने उठाई जनहित की प्रमुख समस्याएं मीरजापुर | जनपद के विभिन्न प्रबुद्ध वर्ग के समाजसेवियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को मंडलायुक्त, विंध्याचल मंडल से मुलाकात कर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालकों, एनजीओ, ट्रस्ट संचालकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की ओर से जनहित से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। मान्यता प्राप्त निजी स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने मंडलायुक्त को सौंपे ज्ञापन में बताया कि मिर्जापुर जनपद को लगभग तीन दशक पूर्व मंडल का दर्जा प्राप्त हुआ, किन्तु आज तक यहां रजिस्ट्रार सोसाइटी एवं चिट फंड कार्यालय की स्थापना नहीं हो सकी है। इसके अभाव में सामाजिक संस्थाओं एवं विद्यालयों को अनेक प्रकार की प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आगे बताया कि निजी विद्यालयों को सामाजिक संस्थान के रूप में मान्यता प्रदान करते हुए उनके विद्युत कनेक्शन को व्यावसायिक से घरेलू/अव्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तित किया जाए तथा सोलर ऊर्जा हेतु अनुदान/सब्सिडी उपलब्ध कराई जाए। इसके अतिरिक्त विद्यालयों के वाहनों को कमर्शियल रजिस्ट्रेशन से मुक्त कर विशेष/शैक्षणिक श्रेणी में सम्मिलित करने तथा शिक्षा का अधिकार (RTE) के अंतर्गत लंबित/रुकी हुई अनुदान राशि का शीघ्र भुगतान किए जाने की भी मांग की गई। इस दौरान सभी प्रबुद्ध वर्ग के समाजसेवकों के मार्गदर्शन में डॉ. योगानंद गिरी एवं वरिष्ठ साहित्यकार सलिल पांडेय ने जनपद से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से उपरोक्त सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से घनश्याम ओझा (अध्यक्ष, मान्यता प्राप्त निजी स्कूल एसोसिएशन), विश्वजीत दुबे, विजय दुबे, अभिषेक सिंह, सुरेंद्र देव पांडेय, चंद्र प्रकाश सिंह, राजेश्वर तिवारी, शेमफोर्ड स्कूल के डायरेक्टर विवेक बरनवाल, सुनील पांडेय, दिलीप सिंह गहरवार के अलावा दर्जनों पत्रकार, अधिवक्ता एवं मानवाधिकार के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।