सीआरडी पीजी कॉलेज गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग कार्यक्रम आयोजित

सीआरडी आर्य महिला पीजी कॉलेज गोरखपुर में योग दिवस की पूर्व संध्या पर योग कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

सीआरडी पीजी कॉलेज गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग कार्यक्रम आयोजित
सीआरडी आर्य महिला पीजी कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर योगाभ्यास करती छात्राएं एवं शिक्षकगण।

विभव पाठक / ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। चंद्रकांति रामावती देवी (सीआरडी) आर्य महिला पीजी कॉलेज, गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं शिक्षकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा नियमित योग के महत्व को समझा। इस वर्ष आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" पर विशेष चर्चा की गई। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।

महाविद्यालय की प्रबंधक डॉ. विजयलक्ष्मी मिश्रा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग मूलतः एक आध्यात्मिक अनुशासन है, जो अत्यंत सूक्ष्म विज्ञान पर आधारित है। यह मन और शरीर के बीच सामंजस्य स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

प्राचार्य डॉ. सुमन सिंह ने कहा कि नियमित योग करने से थकान दूर होती है तथा शरीर में नई ऊर्जा और चेतना का संचार होता है। उन्होंने छात्राओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक ममता श्रीवास्तव, जिला कार्यकारिणी सदस्य महिला पतंजलि योग समिति तथा श्रीमती आराधना श्रीवास्तव, जिला प्रभारी महिला पतंजलि योग समिति के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। दोनों प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की विधियां सिखाईं और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. स्वप्निल पांडेय, बीएड विभागाध्यक्ष एवं एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. अपर्णा मिश्रा, डॉ. अमिता अग्रवाल, डॉ. रेखा रानी शर्मा, डॉ. पवन कुमार, डॉ. सारिका, डॉ. देवता पांडे सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स की छात्राओं तथा महाविद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।