संतकबीरनगर हत्या कांड: पीड़ित परिवार से मिले भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय
संतकबीरनगर में आनंद कुमार गौतम की हत्या के बाद भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने परिजनों से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया।
विभव पाठक / ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
संतकबीरनगर। मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोलकी चमरसन निवासी स्वर्गीय आनंद कुमार गौतम की हत्या की घटना पर भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने गहरा शोक व्यक्त किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
सहजानंद राय ने दिवंगत आनंद कुमार गौतम के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और निंदनीय है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारतीय जनता पार्टी का पूरा परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है। अपराध और अपराधियों के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सहजानंद राय ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासनिक जांच में सहयोग करने की भी अपील की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह, मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी, जिला महामंत्री दीपू सिंह एवं गणेश पांडेय, जिला उपाध्यक्ष अमर राय, गन्ना समिति अध्यक्ष सुरेंद्र पाठक सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









