22 जून को गोरखपुर में विशेष महिला योग समारोह, महिला पतंजलि योग समिति का आयोजन

महिला पतंजलि योग समिति गोरखपुर द्वारा 22 जून को बाबा राघव दास मिनी स्टेडियम में विशेष महिला योग समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में योग एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

22 जून को गोरखपुर में विशेष महिला योग समारोह, महिला पतंजलि योग समिति का आयोजन
महिला पतंजलि योग समिति, गोरखपुर की पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्रियां 22 जून को आयोजित होने वाले विशेष महिला योग समारोह की जानकारी देते हुए।

विभव पाठक

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महिला पतंजलि योग समिति, गोरखपुर द्वारा 22 जून 2026 को प्रातः 5:30 बजे से भाटी विहार, राजेन्द्र नगर स्थित बाबा राघव दास मिनी स्टेडियम में विशेष महिला योग समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन महिलाओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा उनकी अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

समिति की ओर से बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के क्रम में जनपद की सभी पतंजलि योग समितियां एवं संचालित योग कक्षाएं संयुक्त रूप से 21 जून को भी भव्य कार्यक्रम आयोजित करेंगी। वहीं 22 जून का आयोजन विशेष रूप से महिलाओं को समर्पित रहेगा।

महिला पतंजलि योग समिति वर्तमान में गोरखपुर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 60 से अधिक निःशुल्क योग कक्षाओं का संचालन कर रही है। इन कक्षाओं के माध्यम से हजारों महिलाओं, युवतियों और वरिष्ठ नागरिकों को योग, प्राणायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

समिति द्वारा पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मार्गदर्शन में समय-समय पर 25 दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविरों का भी आयोजन किया जाता है। अब तक आयोजित दो प्रशिक्षण शिविरों में 50 से अधिक महिलाओं को योग शिक्षिका के रूप में प्रशिक्षित किया जा चुका है, जो विभिन्न क्षेत्रों में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता का कार्य कर रही हैं।

इसके अलावा समिति नियमित रूप से रोगानुसार योग शिविर, आयुर्वेद परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, जड़ी-बूटी जागरूकता कार्यक्रम तथा महिला स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन करती रहती है। कोविड-19 महामारी के दौरान भी समिति की कार्यकर्त्रियों ने आयुर्वेदिक औषधियों एवं स्वास्थ्यवर्धक सामग्री के वितरण के माध्यम से उल्लेखनीय सामाजिक सेवा प्रदान की थी।

समिति का संचालन एवं मार्गदर्शन राज्य कार्यकारिणी सदस्य ममता श्रीवास्तव एवं तारा श्रीवास्तव, जिला प्रभारी आराधना श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी वंदना शुक्ला, तहसील प्रभारी रानी श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्त्रियों द्वारा किया जा रहा है। समिति की सभी सदस्याएं "स्वस्थ महिला – स्वस्थ परिवार – स्वस्थ राष्ट्र" के संकल्प के साथ योग, आयुर्वेद एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान दे रही हैं।