सपा कार्यालय पर अंबेडकर वाहिनी की समीक्षा बैठक, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर
गोरखपुर के सपा कार्यालय में बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। समाजवादी बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी की समीक्षा बैठक समाजवादी पार्टी के बेतियाहाता स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक है, इसलिए संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर भाजपा को सबक सिखाया तथा उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को 37 लोकसभा सीटें दिलाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व को मजबूती प्रदान की।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने तथा अंबेडकरवादी और समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान ही आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी साबित होंगे।
जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने कहा कि आने वाला समय अंबेडकरवादियों और समाजवादियों का है। उन्होंने दावा किया कि दलित समाज सहित सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी से जुड़ रहे हैं और अखिलेश यादव के नेतृत्व में विश्वास जता रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और सामाजिक न्याय के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने सामाजिक समरसता और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के लिए संयुक्त प्रयासों पर बल दिया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, एमएलसी प्रत्याशी कमलेश यादव, डॉ. एस.एस. पटेल, विद्यासागर उर्फ छोटू, सुशीला भारती, अनारकली मौर्य, मैना भाई, अनुप यादव, सुनील मौर्य, सरिता सोनकर, राजेंद्र प्रसाद, दुर्गेश भारती, मनोज गौतम, संदीप चौधरी, मोहम्मद सलीम, विवेक भास्कर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









