गोरखपुर: शादी समारोह में विवाद के बाद युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान प्लेट गिरने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी कन्हैया उर्फ कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया है।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 को क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में डीजे पर डांस करने और भोजन के दौरान प्लेट गिर जाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामला मामूली विवाद तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने वादी के भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने युवक को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना शाहपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने तथा आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कन्हैया उर्फ कृष्णा पुत्र लालबाबू निवासी राहुल नगर टावर के पास, झरना टोला, थाना एम्स, गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 200/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।









