डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की दो छात्राओं का इसरो और भारतीय भूचुम्बकत्व संस्थान के समर स्कूल में चयन

डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की एमएससी भौतिकी की छात्राएं तनिष्का पांडेय और आयुषी वर्मा का भारतीय भूचुम्बकत्व संस्थान मुंबई एवं इसरो द्वारा आयोजित समर स्कूल ऑन स्पेस वेदर कार्यक्रम में चयन हुआ है।

डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की दो छात्राओं का इसरो और भारतीय भूचुम्बकत्व संस्थान के समर स्कूल में चयन
समर स्कूल ऑन स्पेस वेदर कार्यक्रम के लिए चयनित डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्राएं आयुषी वर्मा और तनिष्का पाण्डेय।

विभव पाठक

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग की एमएससी द्वितीय सेमेस्टर की छात्राएं तनिष्का पांडेय और आयुषी वर्मा का चयन भारतीय भूचुम्बकत्व संस्थान, मुंबई तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित "समर स्कूल ऑन स्पेस वेदर" कार्यक्रम के लिए हुआ है।

यह उपलब्धि विश्वविद्यालय एवं भौतिकी विभाग के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। दोनों छात्राओं को यह अवसर भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. निखिल कुमार की अनुशंसा पर प्राप्त हुआ है।

इस चयन पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन, प्रतिकुलपति डॉ. शांतनु रस्तोगी तथा विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार तिवारी ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा और शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाती है तथा अन्य छात्रों को भी वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम के दौरान चयनित छात्राएं अंतरिक्ष मौसम (स्पेस वेदर) और भूचुम्बकत्व के क्षेत्र में इसरो एवं भारतीय भूचुम्बकत्व संस्थान के वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में शोध एवं प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। इससे उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के उन्नत विषयों को समझने और वैज्ञानिक अनुसंधान में व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।