भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
गोरखपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। कांग्रेस नेताओं ने उनके संघर्ष, त्याग और आदिवासी समाज के उत्थान में योगदान को याद किया।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी, जननायक एवं क्रांतिकारी समाज सुधारक भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी, गोरखपुर कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने किया।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित वक्ताओं ने उनके संघर्ष, त्याग, आदिवासी समाज के उत्थान तथा देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया।
जिला अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय, शोषण और दमन के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज को नई चेतना प्रदान की। उनके आदर्श आज भी समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की लड़ाई के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का योगदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक जागरण के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कांग्रेसजनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।









