बीएसएनएल ग्राउंड में विकास मेले का शुभारंभ, मोदी सरकार के 12 वर्ष और योगी सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियां प्रदर्शित

बीएसएनएल ग्राउंड में विकास मेले का शुभारंभ, मोदी सरकार के 12 वर्ष और योगी सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियां प्रदर्शित

निष्पक्ष जन अवलोकन

शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा 

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को बीएसएनएल ग्राउंड में चार दिवसीय प्रदर्शनी एवं विकास मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने जनप्रतिनिधियों के साथ फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, चौधरी बाबूलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर संस्कृति विभाग के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक, ब्रज के रास नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार ने अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और औद्योगिक परियोजनाओं ने प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान को प्राथमिकता दी है। जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। 17 से 20 जून तक आयोजित होने वाले इस विकास मेले में कृषि, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, नगर निगम, खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्योग, पंचायतीराज, पशुपालन, स्वास्थ्य, श्रम, परिवहन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया जा रहा है। मेले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। वहीं अयोध्या के श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति पर आधारित सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर सेल्फी ले रहे हैं। कृषि विभाग की ओर से किसानों को प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, जैविक उर्वरक, उन्नत बीज, मिलेट्स और आधुनिक सिंचाई तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी जनजागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष बंसल और मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 20 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी एवं विकास मेले का अवलोकन करें तथा पात्रतानुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर भाजपा महानगर महामंत्री महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, नवीन गौतम, पार्षद गौरव शर्मा, मनवीर चौहान, सहदेव शर्मा, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, तपेश जैन, डॉ. निधि शर्मा, दीपु जादौन, कुशल गोयल सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।