भागवत कथा के समापन पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
निष्पक्ष जन अवलोकन
शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा
आगरा। कस्बे स्थित आर.बी. रिसोर्ट में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया। पूरे दिन कथा स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ रही और वातावरण भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गुंजायमान रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का कथा स्थल पर पहुंचना शुरू हो गया था। भंडारे के सफल संचालन के लिए आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में जुटे रहे। श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध बैठाकर प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बड़ी संख्या में भंडारे में सहभागिता की। कथा आयोजक राजकुमार शर्मा विश्रामपुर एवं उनकी धर्मपत्नी सरोज शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजनों से समाज में धर्म, संस्कृति, संस्कार और आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विष्णु सिकरवार अपनी टीम के साथ कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने भगवान की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति द्वारा उनका स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों की सहभागिता से धार्मिक आयोजनों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। जिला अध्यक्ष विष्णु सिकरवार एवं उनकी टीम की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ी है। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया तथा कथा से प्राप्त आध्यात्मिक संदेशों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में अनुशासन, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंत में कथा एवं भंडारा आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।









