पचपेड़वा क्षेत्र में गरीबों के घरेलू गैस सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जाने का आरोप, जबकि दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर कमर्शियल की जगह घरेलू सिलेंडरों का खुलेआम उपयोग हो रहा है। बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल रहे, विरोध करने पर अभद्रता और कनेक्शन सस्पेंड कर दिया जाता है

पचपेड़वा क्षेत्र में गरीबों के घरेलू गैस सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जाने का आरोप, जबकि दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर कमर्शियल की जगह घरेलू सिलेंडरों का खुलेआम उपयोग हो रहा है। बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल रहे, विरोध करने पर अभद्रता और कनेक्शन सस्पेंड कर दिया जाता है

पचपेड़वा विकासखंड बलरामपुर के जूड़ी कुइया चौराहा क्षेत्र में संचालित युग कृष्णा इंडियन सर्विस एवं उसके बगल में चल रही त्रिशक्ति इंडियन गैस सर्विस जमुरिया बिलासा पर गरीब उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों को उचित दरों पर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के बजाय दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है। बुकिंग कराने के बाद भी गरीब परिवारों को समय से गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे घरों में चूल्हे ठंडे पड़े हैं और छोटे-छोटे बच्चे भूख से तड़प रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब उपभोक्ता एजेंसी पर जाकर अपने सिलेंडर की मांग करते हैं तो उन्हें इधर-उधर दौड़ाया जाता है। विरोध करने पर कनेक्शन सस्पेंड करने की धमकी दी जाती है और कई लोगों के कनेक्शन बंद भी कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, एजेंसी परिसर में गरीबों के साथ अभद्र व्यवहार कर धक्का देकर भगा देने के आरोप भी सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का खुलेआम व्यवसायिक उपयोग कराया जा रहा है। दुकानों, होटलों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू सिलेंडर धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहे हैं, जबकि गरीब उपभोक्ता अपने हिस्से का सिलेंडर पाने के लिए परेशान घूम रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कमर्शियल सिलेंडर की जगह घरेलू सिलेंडर खपाकर एजेंसियों द्वारा मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होंने एजेंसी कर्मचारियों से पूछा कि उनका बुक किया गया सिलेंडर कहां गया, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि गरीबों का सिलेंडर दुकानों पर ऊंचे दामों में बेच दिया जाता है। मामले को लेकर संवाददाता द्वारा एजेंसी प्रोपराइटर रवि श्रीवास्तव से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन की घंटी काट दी। वहीं क्षेत्राधिकारी एसके सोनी से संपर्क करने पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों गैस एजेंसियों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब परिवारों को उनका हक मिल सके और घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।