वीर विरसा मुंडा की 150 वी जयंती पर निकली रैली
वीर बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर निकली रैली
– दिल्ली की ओर बढ़ी साइक्लोथॉन रैली
निष्पक्ष जन अवलोकन
दिव्यांश प्रताप सिंह
फतेहपुर । वीर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर निकाली गई वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन रैली देशभर में साहस, इतिहास और राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रही है। यह साइक्लोथॉन 28 दिसंबर 2025 को रांची (झारखंड) से शुरू हुआ, जो 16 जनवरी 2026 को नई दिल्ली पहुंचेगा। साइक्लोथॉन दल रांची से हजारीबाग, वाराणसी, प्रयागराज होते हुए 7 जनवरी को फतेहपुर पहुंचा, जहां एनसीसी 60 यूपी बटालियन फतेहपुर ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भव्य स्वागत किया। अभियान का नेतृत्व कर रहे कर्नल अनिल कुमार ने बताया कि रैली में 46 झारखंड बटालियन एनसीसी के अधिकारी सहित 8 महिला और 8 पुरुष एनसीसी कैडेट शामिल हैं।स्वागत कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति और क्षेत्रीय संस्कृति की झलक दिखाई गई। इस दौरान वीर बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर प्रकाश डाला गया। कर्नल अनिल कुमार ने कहा कि यह साइक्लोथॉन युवाओं में देशप्रेम, आत्मबल और राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का माध्यम है। फतेहपुर में रात्रि विश्राम के बाद दल 8 जनवरी को कानपुर के लिए रवाना हुआ।