राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय भवन निरीक्षण में कई कमियां उजागर, एक सप्ताह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
निष्पक्ष जन अवलोकन।
शिवसंपत करवरिया।
चित्रकूट। मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 09 अप्रैल 2026 को अपरान्ह 12 बजे राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय, चित्रकूट के नव निर्मित भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, विद्युत, सिंचाई विभाग एवं जिला होम्योपैथिक अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण में भवन निर्माण कार्य में कई कमियां पाई गईं। खिड़कियों के ऊपर शेड का निर्माण नहीं किया गया है तथा वर्षा जल निकासी के लिए बाउंड्रीवाल में पाइप डालना शेष है। परिसर के बाहर ड्रेनेज व्यवस्था अधूरी है। आरसीसी जाली और ग्रिल में आवश्यक कार्य अपूर्ण पाए गए। साथ ही लेंटर बैण्ड, पेंटिंग सुधार, मुख्य गेट में होल्ड फास्ट फिटिंग, बरामदे से गेट तक पीसीसी कार्य और रैम्प निर्माण भी अधूरा मिला।
इसके अतिरिक्त परिसर में जलभराव वाले बोर को बंद करने, भूमि समतलीकरण और साफ-सफाई का कार्य भी शेष पाया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था परियोजना प्रबंधक, यूनिट-48 सी एंड डी एस (उत्तर प्रदेश जल निगम), बांदा को निर्देशित किया कि सभी अवशेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराकर आख्या प्रस्तुत करें।









