सेवानिवृत्त शिक्षक कृष्ण मुरारी मिश्रा को भावभीनी विदाई
निष्पक्ष जन अवलोकन।
बाराबंकी। मसौली क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय पूरेजबर में कार्यरत वरिष्ठ शिक्षक कृष्ण मुरारी मिश्रा के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक, सहकर्मी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनके लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, वह जीवन भर समाज को दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि कृष्ण मुरारी मिश्रा ने अपने सेवाकाल में अनेक विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
खंड शिक्षा अधिकारी रामनगर रमेश चंद्रा ने उनके समर्पण और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। वहीं गांधी पंचायत इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संतोष मिश्रा ने कहा कि उनका कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा और उनके कुशल नेतृत्व व विनम्र व्यवहार से सभी प्रभावित रहे।
समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में कृष्ण मुरारी मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए और भावुक हो उठे।
इस अवसर पर संतोष मिश्रा, विवेक मिश्रा, आशुतोष वर्मा, विनीत शुक्ला, राकेश सिंह, देवेंद्र द्विवेदी, उमानाथ मिश्रा, नन्हे सिंह, आलोक शुक्ला, हनुमंत अवस्थी, लोकेश शुक्ला, ललित वर्मा, शिक्षिका वंदना सिंह, संदीप सिंह, अनिल सिंह सहित छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









