बिल्सी में दिखा हनुमान जन्मोत्सव का दिव्य रूप- सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम से निकली भव्य हनुमान शोभायात्रा
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। बिल्सी के सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम में चल रहे हनुमान जन्मोत्सव महोत्सव के तीसरे दिन बीती शुक्रवार की रात भव्य हनुमान शोभायात्रा धूमधाम और भक्ति भाव के साथ निकाली गई। शाम करीब 7:00 बजे वजीरगंज मार्ग स्थित पंडित रामचंद्र शर्मा महाविद्यालय के समीप से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—साहबगंज, थाना मोड़, जैन मार्केट, मुख्य बाजार, अटल चौक और बालाजी तिराहा से होते हुई देर रात बालाजी धाम पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में एटा, अलीगढ़, बुलंदशहर, कासगंज और गाजियाबाद से आई करीब 50 से अधिक स्वचालित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर की अलौकिक झांकी, संत प्रेमानंद की पदयात्रा, खाटू श्याम की भव्य झांकी तथा हनुमान जी की विविध झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं माता काली का अखाड़ा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से सभी का ध्यान खींचा। धाम के महंत पंडित मटरूमल शर्मा का शोभायात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर अलग अलग श्रद्धालुओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया गल्ला व्यापारी गौरव वार्ष्णेय, बर्तन कारोबारी रानू-सोनू वार्ष्णेय एवं दवा कारोबारी विशाल खासट के प्रतिष्ठानों पर धाम के प्रधान महंत मटरूमल शर्मा महाराज एवं उनके साथ चल रहे श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा को देखने के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह , पुलिस क्षेत्राधिकारी के के तिवारी, प्रभारी निरीक्षक बिल्सी मनोज कुमार, प्रभारी निरीक्षक मुजरिया विदेश कुमार शर्मा एवं एस ओ जरीफनगर सुमित शर्मा समेत प्रभारी निरीक्षक उघैती ऋषिपाल सिंह पुलिस बल के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहे। पालिका प्रशासन द्वारा भी विशेष सफाई अभियान चलाकर मुख्य बाजार में पानी का छिड़काव एवं चूना डलवाया गया, जिससे आवागमन व्यवस्था सुचारू बनी रही। बालाजी धाम के सेवादार ड्रेस कोड में प्रत्येक झांकी के साथ अनुशासित रूप से चलते नजर आए, जिससे आयोजन की भव्यता और अनुशासन दोनों देखने को मिले।। संवाद









