बैंक ऑफ इंडिया एवं जीडीए की पहल से गूंजा “स्वच्छ रामगढ़ ताल” का संदेश
गोरखपुर में बैंक ऑफ इंडिया एवं गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा “स्वच्छ रामगढ़ ताल” जनपहल का आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छता अभियान, जागरूकता यात्रा और सफाई मित्रों के लिए एनपीएस पहल की घोषणा की गई।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। Bank of India के आंचलिक कार्यालय गोरखपुर एवं गोरखपुर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को “स्वच्छ रामगढ़ ताल” जनपहल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। इस अभियान को सांसद Ravi Kishan की विशेष प्रेरणा भी प्राप्त हुई।
रामगढ़ ताल स्थित नौका विहार के पैडलेगंज एंट्री प्वाइंट से पुलिस बूथ तक लगभग 2.5 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं स्थानीय नागरिकों ने मिलकर ताल क्षेत्र की साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक आशीष कुमार शर्मा एवं उप आंचलिक प्रबंधक सुनील कुमार ढाका सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने भी इस सामाजिक पहल में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बैंक कर्मचारियों द्वारा जागरूकता यात्रा भी निकाली गई। साथ ही गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सहयोग से तैयार “रामगढ़ ताल स्वच्छता गीत” का प्रसारण कर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। सभी ने मिलकर गोरखपुर को स्वच्छ, सुंदर और जागरूक शहर बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की घोषणा भी की। बैंक कर्मचारियों के स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग से रामगढ़ ताल परिसर में कार्यरत 30 सफाई मित्रों के लिए एनपीएस खाते खोले जाने की पहल की गई। प्रत्येक सफाई मित्र के खाते में प्रथम किस्त के रूप में ₹1000 जमा किए गए, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक संबल मिल सके।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसहभागिता का प्रेरणादायी संदेश जनसामान्य तक पहुँचाया गया।









