मांट, राया और छाता क्षेत्र में धड़ल्ले से संचालित हो रहे दर्जनों अवैध पेट्रोल पंप, कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति

मांट, राया और छाता क्षेत्र में धड़ल्ले से संचालित हो रहे दर्जनों अवैध पेट्रोल पंप, कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा 

मथुरा जनपद में अवैध रूप से संचालित हो रहे फर्जी पेट्रोल पंपों का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। जिले के मांट, राया और छाता क्षेत्र में दर्जनों ऐसे अवैध पेट्रोल पंप खुलेआम डीजल और पेट्रोल बेच रहे हैं, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है बल्कि लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी इन अवैध पंपों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत के चलते यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। बताया जा रहा है कि इन फर्जी पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा मानकों का बिल्कुल पालन नहीं किया जा रहा, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बिना किसी लाइसेंस और अनुमति के सड़क किनारे ड्रमों और टैंकों में पेट्रोल-डीजल बेचा जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन अवैध पेट्रोल पंपों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर अवैध कारोबारियों पर मेहरबानी का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।