बरसाना में एएचटीयू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, श्रीजी मंदिर परिसर से 25 बच्चों को भिक्षावृत्ति से कराया मुक्त

बरसाना में एएचटीयू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, श्रीजी मंदिर परिसर से 25 बच्चों को भिक्षावृत्ति से कराया मुक्त

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा 

नपद मथुरा में बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) पुलिस टीम ने बरसाना स्थित श्रीजी राधारानी मंदिर के आसपास बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराया। इस अभियान में थाना एएचटीयू/एसजेपीयू पुलिस टीम के साथ चाइल्ड लाइन और बाल संरक्षण इकाई की टीम भी शामिल रही। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बरसाना क्षेत्र में मंदिर परिसर और आसपास के स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान भीख मांग रहे 25 बच्चों को चिन्हित कर सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इसके बाद बच्चों की काउंसलिंग कर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की गई और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चों को भिक्षावृत्ति में लगाना कानूनन अपराध है और इससे उनका भविष्य प्रभावित होता है। कई बार आर्थिक मजबूरी या अन्य कारणों से बच्चे इस स्थिति में पहुंच जाते हैं, जिससे उनकी शिक्षा और बचपन दोनों प्रभावित होते हैं। ऐसे में शासन द्वारा बच्चों को इस समस्या से मुक्त कराने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान के दौरान पुलिस और सहयोगी टीमों ने स्थानीय लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को भी जागरूक किया। लोगों को बालश्रम और बाल भिक्षावृत्ति के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई और अपील की गई कि यदि कोई बच्चा भीख मांगता दिखे या किसी प्रकार के बालश्रम में लगा मिले, तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी लोगों को दी गई, जिनमें 1090, 1098, 1076, 112 और 1930 शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को भीख देने के बजाय इन नंबरों पर सूचना देकर उन्हें सुरक्षित भविष्य दिलाने में सहयोग करें। थाना एएचटीयू पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर भविष्य मिल सके।