जानवरों के काटने और सांप के डसने की घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई

निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी।जानवरों के काटने और सांप के डसने की घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई है। भीषण गर्मी के कारण जानवर अधिक आक्रामक हो गए हैं, जिससे संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने वालों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, 18 मई से 22 मई तक, मात्र पांच दिनों में कुल 192 एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं। इनमें से 90 से अधिक लोग ऐसे थे जिन्हें पहली बार यह इंजेक्शन दिया गया। औसतन प्रतिदिन 15 से 18 नए मरीज कुत्ते, बंदर या बिल्ली के काटने के बाद अस्पताल पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को एक ही दिन में 36 लोगों को रेबीज का टीका लगाया गया।जानवरों के काटने के साथ-साथ सांपों के डसने की घटनाएं भी बढ़ी हैं। पिछले एक सप्ताह में दो लोगों को सांप ने डसा है। शुक्रवार को रसूलपुर निवासी 50 वर्षीय रामदेव पुत्र केशवराम को खेत में निराई करते समय दाहिने पैर के अंगूठे में जहरीले सांप ने काट लिया। परिजनों ने उन्हें तुरंत संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। रामदेव की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।संयुक्त चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. इकबाल ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण जानवर चिड़चिड़े और आक्रामक हो गए हैं। ओपीडी में जानवरों के काटने के मामलों में दोगुनी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रतिदिन लगभग 40 एंटी-रेबीज डोज लगा रहा है और स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया है। दवा का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध है।