भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 22 मई आज से शुरू
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी।भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 22 मई से हो गई है। प्रथम चरण की समयावधि 22 मई से 20 जून तक निर्धारित की गई है। इस अवधि में समस्त प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को अपने निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करना होगा। प्रथम चरण में मकान गणना के अंतर्गत 34 प्रकार के प्रश्नों का विवरण दर्ज किया जा रहा है। इसमें मकान की फर्श, प्लास्टर, जल निकासी का स्रोत, भवन की स्थिति, पक्का अथवा कच्चा मकान, छत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी भवन स्वामियों से प्राप्त की जा रही है। विकासखंड सिरौली गौसपुर के प्राथमिक विद्यालय डूंडी में कार्यरत सहायक अध्यापक सौरभ वर्मा द्वारा प्रगणक के रूप में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। क्षेत्र में घर-घर जाकर गणना कार्य किया जा रहा है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि जनगणना का प्रथम चरण प्रारंभ हो चुका है, वहीं मौसम विभाग द्वारा भीषण गर्मी को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। ऐसी स्थिति में क्षेत्र में जाकर भवन गणना का कार्य करना शिक्षकों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनगणना कार्य में लगे समस्त कर्मियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा उन पर अत्यधिक कार्य का दबाव न बनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों द्वारा जनगणना के प्रथम चरण का महत्वपूर्ण दायित्व निभाया जा रहा है, इसलिए कार्य की गंभीरता एवं अतिरिक्त जिम्मेदारी को देखते हुए समस्त शिक्षकों को उपार्जित अवकाश प्रदान किया जाना चाहिए।









