सरकारी अस्पताल राम भरोसे, LT का निजी केंद्र बना मरीजों का सहारा अस्पताल में लापरवाही, बाहर सेंट

सरकारी अस्पताल राम भरोसे, LT का निजी केंद्र बना मरीजों का सहारा अस्पताल में लापरवाही, बाहर सेंट

पचपेड़वा विकासखंड जनपद बलरामपुर के जुड़ी कुइया चौराहा क्षेत्र में संचालित बलरामपुर डायग्नोज सेंटर को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों एवं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वीरपुर इमलिया कोडर में तैनात विशाल श्रीवास्तव एलटी सरकारी ड्यूटी के समय अस्पताल में उपस्थित नहीं रहते हैं। आरोप है कि अस्पताल में मरीजों को समय से दवा, जांच और टेस्ट की सुविधा नहीं मिल पा रही है, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीज परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल का न तो कोई निश्चित खुलने का समय है और न ही बंद होने का। अस्पताल राम भरोसे संचालित हो रहा है। मरीज घंटों इंतजार करने के बाद भी बिना इलाज वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं। लोगों का आरोप है कि सरकारी अस्पताल में सेवाएं प्रभावित होने के बावजूद विशाल श्रीवास्तव का अधिक समय निजी सेंटर पर बीतता है। सूत्रों के अनुसार जुड़ी कुइया चौराहा पचपेड़वा स्थित बलरामपुर डायग्नोज सेंटर पर मरीजों की जांच के नाम पर मोटी कमाई की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पताल में जांच और उपचार की सुविधा सही ढंग से नहीं मिलने के कारण मरीजों को निजी सेंटर की ओर भेजा जाता है। इससे गरीब परिवार आर्थिक बोझ तले दबते जा रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं बदहाल हैं। अस्पताल में समय से डॉक्टर और कर्मचारियों की उपस्थिति न होने के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मरीजों का कहना है कि जब सरकारी अस्पताल में ही इलाज नहीं मिलेगा तो गरीब जनता आखिर कहां जाए। मामले को लेकर संवाददाता द्वारा दूरभाष पर एडिशनल सीएमओ संतोष श्रीवास्तव से संपर्क कर जानकारी ली गई। इस पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले में कब तक जांच पूरी कर दोषियों पर कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।