20 मई को रोडवेज कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन, गेट मीटिंग में बनाई गई रणनीति
गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यशाला में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की गेट मीटिंग आयोजित हुई। कर्मचारियों से 20 मई को रेलवे बस स्टेशन पर धरना प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की क्षेत्रीय कार्यशाला गोरखपुर में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद शाखा क्षेत्र कार्यशाला एवं टायर शॉप शाखा राप्तीनगर गोरखपुर के पदाधिकारियों द्वारा गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्रीय कार्यशाला के सभी कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष राम नरेश सिंह ने की, जबकि संचालन प्रांतीय प्रतिनिधि अजय कुमार द्वारा किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अजय कुमार ने कर्मचारियों से आह्वान किया कि 20 मई को सुबह 9:30 बजे अधिक से अधिक संख्या में रेलवे बस स्टेशन पहुंचकर क्षेत्रीय रैली एवं धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर संगठन लगातार संघर्षरत है और सभी कर्मचारियों की एकजुटता से ही आंदोलन को मजबूती मिलेगी।
प्रांतीय प्रतिनिधि अजय कुमार ने कर्मचारियों को जानकारी दी कि 15 मई 2026 को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के प्रांतीय प्रतिनिधियों की प्रबंधन निदेशक के साथ वार्ता हुई थी। इस दौरान निगम मुख्यालय स्तर की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि प्रबंधन निदेशक द्वारा संगठन के प्रतिनिधियों को कई मांगों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया है तथा कुछ मांगों को तत्काल पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गेट मीटिंग में उपस्थित कर्मचारियों ने संगठन की मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई और 20 मई के धरना-प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।









