महंगाई और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, रिक्शे पर बाइक रखकर जताया विरोध
गोरखपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई और नीट पेपर लीक के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। रिक्शे पर बाइक रखकर शहर में निकाला विरोध मार्च।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर टाउन हॉल स्थित रानी लक्ष्मी बाई पार्क में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि तथा नीट परीक्षा पेपर लीक और परीक्षा निरस्तीकरण के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने बाइक को रिक्शे पर रखकर शहर में घुमाया और बढ़ती महंगाई के खिलाफ लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वयं रिक्शा प्रदर्शन में शामिल रहे।
जिला अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है और आम जनता का जीवन कठिन हो गया है। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक और परीक्षा निरस्त होना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लगातार लड़ती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई पर नियंत्रण लगाने तथा युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय को रोकने की मांग की।
कार्यक्रम में गोरखलाल श्रीवास्तव, राकेश यादव, सतेंद्र निषाद, नवीन सिन्हा, डॉ. चिन्मय पाण्डेय, राजीव कुमार पाण्डेय, गणेश मिश्रा, प्रमोद नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









