विश्व रेड क्रॉस दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गोरखपुर के सरस्वती शिशु मंदिर (10+2) रेलविहार राप्तीनगर में विश्व रेड क्रॉस दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें मानव सेवा, फर्स्ट एड और संवेदनशील समाज निर्माण पर जोर दिया गया।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। में गुरुवार को ‘विश्व रेड क्रॉस दिवस’ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मानव सेवा, प्राथमिक चिकित्सा एवं संवेदनशील समाज निर्माण का संदेश दिया गया।
मुख्य वक्ता श्रीमती क्षमा जी ने अपने ओजस्वी विचारों से भैया-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि “मानव सेवा ही माधव सेवा है। रेड क्रॉस दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि युद्ध हो या प्राकृतिक आपदा, निस्वार्थ सेवा ही मानवता को जीवित रखती है।” उन्होंने विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) के महत्व और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपने भीतर संवेदनशीलता विकसित करने का आह्वान किया ताकि वे स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद सिंह राठौर ने अपने संबोधन में रेड क्रॉस संस्था के संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के विजन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रेड क्रॉस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का वैश्विक संकल्प है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचार “नर सेवा नारायण सेवा” का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव सेवा और करुणा की प्रेरणा देती रही है।
उन्होंने कलिंग युद्ध का उदाहरण देते हुए बताया कि भीषण रक्तपात को देखकर सम्राट अशोक का हृदय परिवर्तन हुआ और उन्होंने अहिंसा एवं मानव सेवा का मार्ग अपनाया। साथ ही उन्होंने कवि जयशंकर प्रसाद की पंक्तियों के माध्यम से समर्पण एवं सेवा भावना का संदेश दिया। प्रधानाचार्य ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल बौद्धिक विकास नहीं, बल्कि छात्रों के भीतर करुणा और संवेदना का विकास करना भी है।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन प्रेम सागर ने किया। उन्होंने रेड क्रॉस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “संकट के समय आशा की किरण बनना ही रेड क्रॉस का ध्येय है।” इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य, आचार्याएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









