पुरुषोत्तम मास मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दंडवत परिक्रमा को लेकर बढ़ी आस्था

पुरुषोत्तम मास मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दंडवत परिक्रमा को लेकर बढ़ी आस्था

निष्पक्ष जन अवलोकन।

रामशंकर वर्मा।

बाराबंकी। लोधेश्वर महादेवा में चल रहे पुरुषोत्तम मास मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं का मानना है कि दंडवत परिक्रमा करने से देवाधिदेव महादेव प्रसन्न होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पुरुषोत्तम मास में पूजा-अर्चना और कठोर तपस्या करने से भगवान शिव एवं मां पार्वती भक्तों पर विशेष कृपा बरसाते हैं।

इसी आस्था के चलते दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु बेल डंडी लेकर यात्रा पर निकल रहे हैं। श्रद्धालु अपने घरों से देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर समूहों में महादेवा मंदिर पहुंचते हैं और दंडवत परिक्रमा करते हुए भगवान शिव व मां पार्वती से मनवांछित फल की कामना करते हैं।

भीषण गर्मी को देखते हुए अधिकांश श्रद्धालु शाम ढलते ही यात्रा शुरू कर देते हैं। देर रात तक मंदिर परिसर और मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रहती है। ऐसे में मेला प्रशासन के सामने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बड़ी चुनौती बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सड़क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।

जागरूक नागरिकों का कहना है कि मलमास मेले में सावन, महाशिवरात्रि और फागुनी मेले की तरह बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है, तभी मेला सकुशल संपन्न हो सकेगा।

पुरुषोत्तम मास के प्रथम सोमवार पर उमड़ा जनसैलाब

रामनगर बाराबंकी। पुरुषोत्तम मास के प्रथम सोमवार को लोधेश्वर महादेवा मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर मनवांछित फल की कामना की। दंडवत परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ पैदल एवं विभिन्न वाहनों से बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे।

मेला व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए एसडीएम आनंद तिवारी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, कोतवाल अरुण प्रताप सिंह तथा चौकी इंचार्ज रजनीश पांडेय अपनी टीम के साथ लगातार मुस्तैद रहे।