औद्योगिक क्षेत्र रनिया में मजदूरों का फूटा गुस्सा ऐस्ट्रल लिमिटेड में ठप हुआ कामकाज, हजारों मजदूरों ने खोला मोर्चा
निष्पक्ष जन अवलोकन।
अंकित तिवारी।
कानपुर देहात। जिले के औद्योगिक क्षेत्र रनिया में सोमवार सुबह मजदूरों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। रनिया औद्योगिक क्षेत्र के चीटिकपुर स्थित ऐस्ट्रल लिमिटेड फैक्ट्री में सैकड़ों मजदूरों ने प्रदर्शन करते हुए कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया। सुबह करीब 8 बजे से ही कर्मचारी फैक्ट्री गेट पर जमा होने लगे और देखते ही देखते दोनों फैक्ट्रियों के बाहर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। मजदूरों ने आरोप लगाया कि उन्हें निर्धारित वेतन और मानदेय नहीं दिया जा रहा है। कई कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से वेतन विसंगतियों और अन्य समस्याओं को लेकर प्रबंधन से शिकायत की जा रही थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नाराज मजदूरों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और साफ चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति को तनावपूर्ण होता देख जिला प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया। कई थानों की पुलिस फोर्स, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री परिसरों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मजदूरों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच वार्ता कराने में जुटे रहे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई के दौर में कम वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है और उन्हें उनका निर्धारित हक मिलना चाहिए। औद्योगिक क्षेत्र में हुए प्रदर्शन से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री गेटों पर घंटों तक नारेबाजी होती रही और उत्पादन कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। मजदूरों के तेवर देखते हुए प्रशासन भी पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मजदूर नेताओं ने दो टूक कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश में जुटा हुआ है।









