किंग्स इलेवन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीता रोमांचक क्रिकेट मैच
निष्पक्ष जन अवलोकन
बिल्सी/बदायूं। तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा गुसाईं में आयोजित बीपीएल-9 क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में किंग्स इलेवन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए परौली हंटर को चार विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। मैच के दौरान खिलाड़ियों के दमदार खेल ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टॉस जीतकर किंग्स इलेवन के कप्तान राजीव पुरी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए परौली हंटर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 79 रन ही बना सकी। टीम की ओर से रवित ने 23 रन, अजीम जादू ने 8 रन और फैजान ने 11 रन का योगदान दिया, जबकि राहुल मिश्रा खाता खोले बिना आउट हो गए। किंग्स इलेवन की ओर से गेंदबाजी में शिवम और कप्तान राजीव पुरी ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। वहीं टिंकू ने भी एक विकेट हासिल किया। 80 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन टीम ने 10 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से शिवम ने शानदार 42 रन की पारी खेली। इसके अलावा कौशिक पुरी ने 12 रन, उज्ज्वल ने 9 रन और मनीष गुप्ता ने 3 रन बनाए।









