ब्लॉक प्रमुख ने बीडीओ पर लगाए भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के गंभीर आरोप
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। - डीएम को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और स्थानांतरण की मांग चित्रकूट।सुशीला देवी ने खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश यादव पर भ्रष्टाचार, सरकारी कार्यों में अनियमितता और जनप्रतिनिधि के अधिकारों के हनन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में ब्लॉक प्रमुख ने जिलाधिकारी चित्रकूट को शिकायती पत्र देकर बीडीओ के स्थानांतरण और उनके कार्यकाल में कराए गए निर्माण एवं मेंटिनेंस कार्यों की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। ब्लॉक प्रमुख सुशीला देवी निवासी कोलमजरा, बरगढ़, मऊ ने 21 मई को दिए गए पत्र में कहा कि वह सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, लेकिन खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश यादव उनकी कार्यप्रणाली में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीडीओ सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के विपरीत कार्य कर रहे हैं और उन्हें एक अनुसूचित जाति महिला जनप्रतिनिधि होने के बावजूद लगातार अपमानित किया जा रहा है। ब्लॉक प्रमुख ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 से लेकर 19 मई 2026 तक ब्लॉक परिसर में कराए गए निर्माण और मरम्मत कार्यों में भारी अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने मांग की कि सभी निर्माण कार्यों की जांच राज्य गुणवत्ता आयोग से कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। इसके साथ ही ब्लॉक परिसर में लाइट फिटिंग, बिल्डिंग मरम्मत समेत अन्य कार्यों में किए गए भुगतानों का सत्यापन कराने की भी मांग की गई है। शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि ब्लॉक सभागार में लगी टेलीविजन को बीडीओ द्वारा अपने आवास में लगवा लिया गया है। ब्लॉक प्रमुख ने उक्त टीवी को तत्काल वापस कराए जाने की मांग की है। सुशीला देवी ने आरोप लगाया कि जेम पोर्टल के माध्यम से बाजार दर से अधिक कीमतों पर खरीदारी की गई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर सरकारी धन की वसूली किए जाने की मांग उठाई है। ब्लॉक प्रमुख ने पत्र में यह भी लिखा कि जेई वृजेंद्र यादव, बीडीओ ओम प्रकाश यादव के रिश्तेदार हैं और उन्हें तत्काल ब्लॉक मऊ से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका डीएससी डिजिटल सिग्नेचर भी बीडीओ के पास है, जिसे वापस दिलाए जाने की मांग जिलाधिकारी से की गई है। ब्लॉक प्रमुख ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायती पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव ग्राम विकास विभाग तथा मंडलायुक्त चित्रकूट धाम बांदा को भी भेजी है।









