राष्ट्र प्रथम के मंत्र के साथ भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग शुरू, दिग्गज नेताओं ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश

राष्ट्र प्रथम के मंत्र के साथ भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग शुरू, दिग्गज नेताओं ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश

निष्पक्ष जन अवलोकन 

शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा 

आगरा: भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शुक्रवार को प्रतापपुरा स्थित रमाना ग्रैंड में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में 268 कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सत्रों में भाग लेकर संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, क्षेत्रीय महामंत्री नागेंद्र सिकरवार, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, शिवशंकर शर्मा और प्रमोद गुप्ता सहित अन्य नेताओं ने महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान भाजपा के गौरवशाली इतिहास और संस्थापक नेताओं के त्याग, बलिदान व संघर्ष को दर्शाती प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश एवं अन्य पदाधिकारियों ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प लेकर कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का सिद्धांत कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। द्वितीय सत्र में प्रदेश सह संयोजक शिक्षक प्रकोष्ठ यादवेंद्र प्रताप सिंह ने वैचारिक अधिष्ठान पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। तृतीय सत्र में क्षेत्रीय महामंत्री नागेंद्र सिकरवार ने वर्तमान परिस्थितियों में कार्यकर्ताओं को सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य करने की सीख दी। वहीं चतुर्थ सत्र में प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान ने संगठन में अनुशासन और व्यवहार कुशलता को पार्टी का मूल चरित्र बताया। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, महिला सशक्तिकरण और मुद्रा लोन जैसी योजनाओं से गरीबों और महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। मजबूत कानून व्यवस्था और विकास कार्यों से देश नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, महापौर हेमलता दिवाकर सहित अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान सामूहिक भोजन, चाय-नाश्ता एवं सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया। भजन एवं गजल संध्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।