जनता दर्शन में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मौके पर निपटाईं समस्याएं
निष्पक्ष जन अवलोकन।
अंकित तिवारी।
कानपुर देहात रनिया क्षेत्रीय विधायक व उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने गुरुवार को रनिया क्षेत्र स्थित भगवान परशुराम न्यास मंदिर, खानपुर खंडजा में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनकर त्वरित निस्तारण का संदेश दिया। कार्यक्रम उनके जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित हुआ, जहां सुबह से ही फरियादियों की लंबी कतार देखने को मिली। जनता दर्शन के दौरान मंत्री ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समाधान के निर्देश दिए। सड़क, बिजली, पेयजल, पेंशन, आवास, राशन कार्ड और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कई ग्रामीणों ने जर्जर सड़कों, जलभराव और बिजली आपूर्ति में अनियमितता की समस्याएं उठाईं, जिस पर मंत्री ने तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय है। कार्यक्रम के दौरान करीब चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता दर्शन का उद्देश्य ही यही है कि लोगों की समस्याएं सीधे सुनी जाएं और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और इसी के बल पर विकास कार्यों को गति दी जा रही है। कार्यक्रम में बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। इस मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जिनमें बउवा पांडेय, अंशु तिवारी, धर्मेंद्र कुशवाहा, अरुण तिवारी, उमा द्विवेदी, नितिन कुशवाहा, अरुण शर्मा, महेश तिवारी, सोनू मिश्रा, बीनू मिश्रा, संजय पांडेय, विवेक शर्मा, भुवनेश तिवारी, गुड्डू दिवाकर, बीनू अवस्थी, सरमन तिवारी, अभिषेक शर्मा, दुष्यंत, शिवकेश तिवारी, निक्कू तिवारी, विराट त्रिवेदी, सीमा अवस्थी और कामिनी अवस्थी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। अंत में मंत्री ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी इसी तरह जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का निराकरण करती रहेंगी।









