माहवारी स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी।वात्सल्य संस्था की सक्षम परियोजना के तहत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में माहवारी स्वच्छता दिवस पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पियर एजुकेटर किशोर-किशोरियों को माहवारी स्वच्छता और किशोरावस्था में होने वाले बदलावों के बारे में जानकारी दी गई।संस्था की ट्रेनर नीलिमा गुप्ता ने बताया कि माहवारी स्वच्छता दिवस हर साल 28 मई को मनाया जाता है। इसी क्रम में संस्था द्वारा मसौली और सिरौलीगौसपुर ब्लॉक के 72 गांवों में 29 मई तक लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।प्रशिक्षण के दौरान किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक व मानसिक बदलाव, पॉक्सो एक्ट और वीएस एजुकेटर की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। ट्रेनर नीलिमा गुप्ता ने माहवारी के दौरान साफ-सफाई, सैनिटरी पैड के उपयोग और इससे जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करने पर विशेष जोर दिया।सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरिफ और काउंसलर अनूप कुमार जायसवाल ने किशोर-किशोरियों को किशोरावस्था के परिवर्तनों को सकारात्मक रूप से समझने की सलाह दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि झिझक छोड़कर सही जानकारी लेना बेहद आवश्यक है।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में नारा लगाया - "माहवारी नहीं है शर्म की बात, यह तो है ईश्वर की सौगात"। इसके माध्यम से समाज में फैली भ्रांतियों को तोड़ने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर वात्सल्य टीम के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रेम शंकर, सुभाषिनी मौर्य और सीमा वर्मा सहित दर्जनों पियर एजुकेटर व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इस विषय पर चुप्पी तोड़ना था।









