नशा मुक्त भारत व साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, छात्रों को किया जागरूक
निष्पक्ष जन अवलोकन।
शिवसंपत करवरिया।
चित्रकूट। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में नशा मुक्त भारत अभियान तथा साइबर अपराध रोकथाम को लेकर सेवा भारती चित्रकूट और साइबर सेल द्वारा राजकीय पॉलिटेक्निक मानिकपुर में संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती हर्षिता तिवारी ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य अशोक पुरानिक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पॉलिटेक्निक की बाउंड्री वॉल और सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे अतिक्रमण की समस्या बढ़ रही है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है।
सेवा भारती के जिला महामंत्री राज किशोर शिवहरे ने भी संस्थान की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं के हित में संस्था निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और परिवहन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को ज्ञापन दिया गया है, जिसमें पॉलिटेक्निक की बाउंड्री वॉल और सड़क का मुद्दा भी शामिल है।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे और साइबर अपराधों से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहना चाहिए।
इस अवसर पर सेवा भारती के जिला अध्यक्ष गुरु प्रकाश शुक्ला, स्वावलंबन प्रमुख शिवकुमार, उपजिलाधिकारी जसीम सिद्दीकी, अधिशासी अधिकारी भारत सिंह, उपनिरीक्षक गौरव तिवारी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में नशा मुक्त भारत की शपथ एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।









