अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत
निष्पक्ष जन अवलोकन। रत्नाकर पाण्डेय। बाराबंकी। थाना टिकैतनगर क्षेत्र में बीती रात और आज सुबह हुई दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली घटना उदय मऊ चौराहे के पास की है, जहां ट्रैक्टर पर बैठकर घर जा रहे लोगों पर अचानक सूखा पेड़ गिर पड़ा। हादसे में मैकू लाल पुत्र रामदास (55) निवासी खेतासयार तथा विकास पुत्र रामतेज (22) निवासी ग्राम मंगरौडा की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक मंगल पुत्र त्रिकूट घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए भेजा गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई की। दूसरी घटना बरिना बाग चौकी क्षेत्र के अंतर्गत हुई। ग्राम वास्तरौली से बरिना बाग की ओर आ रहे मोहम्मद कफील सलमानी पुत्र मोहम्मद शमीम निवासी ग्राम खेमापुर बस्तौली की बाइक रास्ते में गिरे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। अचानक पेड़ गिरने और रास्तों पर पड़े पेड़ों के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है।









