भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस धूमधाम से मनाया गया

भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस धूमधाम से मनाया गया

निष्पक्ष जन अवलोकन

रत्नाकर पांडेय।

टिकैतनगर, बाराबंकी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के निर्देशानुसार मंगलवार को नियामतगंज चौराहे पर भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री राजेश शर्मा 'फक्कड़' एवं दरियाबाद विधानसभा प्रभारी बृज किशोर सोनी के नेतृत्व में बृज किशोर सोनी के आवास पर किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री राजेश शर्मा 'फक्कड़' तथा विधानसभा प्रभारी बृज किशोर सोनी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने भामाशाह के जीवन एवं उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें देशभक्ति, त्याग और समाज सेवा का प्रतीक बताया।

अपने संबोधन में जिला महामंत्री राजेश शर्मा 'फक्कड़' ने कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के लंबे संघर्ष और अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश सरकार ने 29 जून को भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाने की मान्यता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार समाज में विभिन्न वर्गों के लिए विशेष दिवस मनाए जाते हैं, उसी प्रकार व्यापारियों के सम्मान में इस दिवस की घोषणा व्यापारी समाज के लिए गौरव का विषय है।

वक्ताओं ने कहा कि भामाशाह ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी संपूर्ण संपत्ति महाराणा प्रताप को समर्पित कर दी थी, जिसके बल पर महाराणा प्रताप ने अपनी सेना का पुनर्गठन कर संघर्ष जारी रखा। इसी प्रकार व्यापारी वर्ग भी हर आपदा, सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करता है और निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में नगर महामंत्री मुन्ना राइन, नगर मंत्री सोनू शर्मा, राजू मौर्य, दिलीप सोनी, घनश्याम सोनी, पिंटू रावत, सिराज अहमद, याकूब नेता, रामू मिश्रा, अशोक गुप्ता, रणविजय सिंह, राजमणि सिंह, डॉ. गणेश, विनोद सिंह, दीपचंद शर्मा, विपिन सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने भामाशाह के आदर्शों पर चलने और व्यापारी समाज के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।