18 करोड़ की लागत से बनेगी मॉडर्न रोड, जीडीए देगा रोड इंफ्रास्ट्रक्चर का नया मॉडल
गोरखपुर में जीडीए चंपा देवी पार्क से तारामंडल तक 18 करोड़ रुपये की लागत से 1.8 किमी मॉडर्न रोड बनाएगा। परियोजना में फुटपाथ, कवर्ड नाला, ग्रीनरी, स्कल्पचर और ऑर्नामेंटल लाइट्स शामिल होंगी।
विभव पाठक /ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। शहर के सड़क ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जीडीए शहर में 'मॉडर्न रोड' का मॉडल विकसित करने जा रहा है। इसके तहत चंपा देवी पार्क मैदान के पास (गोरक्ष एंक्लेव) से तारामंडल तक करीब 1.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। परियोजना के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
जीडीए के अनुसार यह सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं होगी, बल्कि आधुनिक शहरी नियोजन, बेहतर जलनिकासी और सौंदर्यीकरण का एक नया मॉडल भी बनेगी। सड़क की चौड़ाई आवश्यकता के अनुसार 12 मीटर से 24 मीटर तक रखी जाएगी, जिससे उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग किया जा सके।
परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़े कवर्ड नालों का निर्माण किया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। सड़क को आधुनिक इंजीनियरिंग मानकों के अनुरूप ढलानयुक्त बनाया जाएगा ताकि वर्षा जल का सुचारु निकास सुनिश्चित हो सके।
राहगीरों की सुविधा के लिए आकर्षक एवं सुरक्षित फुटपाथ बनाए जाएंगे। इसके अलावा सड़क किनारे गोरखपुर की सांस्कृतिक विरासत और पहचान को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक मूर्तियां (स्कल्पचर) स्थापित की जाएंगी। ग्रीनरी और ऑर्नामेंटल लाइट्स से पूरी सड़क को सौंदर्यपूर्ण स्वरूप दिया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र दिन के साथ-साथ रात में भी आकर्षक दिखाई देगा।
जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के 'भव्य गोरखपुर-दिव्य गोरखपुर' के विजन को साकार करने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण कदम है। उनका कहना है कि यह मॉडर्न रोड भविष्य में पूर्वांचल के अन्य शहरों के लिए भी एक मॉडल बनेगी, जिसमें आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सुव्यवस्थित अर्बन प्लानिंग और सौंदर्यीकरण का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिलेगा।









