बेतियाहाता चौराहे पर ‘एक नई आशा’ संस्था ने शुरू की निःशुल्क प्याऊ सेवा
गोरखपुर के बेतियाहाता चौराहे पर ‘एक नई आशा’ संस्था द्वारा निःशुल्क प्याऊ सेवा का शुभारम्भ किया गया। उद्घाटन SP City निमिष पाटिल IPS ने किया। राहगीरों और मरीजों के लिए ठंडे RO जल, शरबत और बिस्किट की व्यवस्था की गई।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। भीषण गर्मी में राहगीरों, मरीजों और आम लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ‘एक नई आशा’ द्वारा बेतियाहाता चौराहे के समीप निःशुल्क प्याऊ सेवा का शुभारम्भ किया गया। इस सेवा का उद्घाटन गोरखपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिष पाटिल IPS ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, संस्था के सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि निमिष पाटिल IPS ने संस्था के इस सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में इस प्रकार की प्याऊ सेवा राहगीरों और दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा केवल ठंडे RO जल की ही नहीं बल्कि शरबत, मिठाई, बिस्किट और पेठा जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं, जो लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे कार्यों से सकारात्मक संदेश जाता है और अन्य लोगों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित ऐश्प्रा जेम्स एंड जेवेल्स के निदेशक अनूप सराफ ने कहा कि ‘एक नई आशा’ संस्था का यह प्रयास अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि संस्था के सदस्य स्वयं उपस्थित रहकर लोगों को सेवा प्रदान कर रहे हैं, जो उनके समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है।
स्थानीय पार्षद अजय राय ने कहा कि वे पिछले लगभग 10 वर्षों से इस प्याऊ सेवा से जुड़े हुए हैं और हर वर्ष संस्था द्वारा निरंतर यह सेवा कार्य किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि ‘एक नई आशा’ केवल प्याऊ सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि समय-समय पर अन्य सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाती रही है।
इससे पूर्व संस्था की अध्यक्ष डॉ. निशि अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था के उद्देश्यों और अब तक किए गए सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन अरविंद अग्रवाल ने किया, जबकि अंत में संस्था की सचिव राधा सिंघानिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक आशीष छापड़िया, सीमा छापड़िया, तन्वी अग्रवाल, अनूप बंका, राधा सराफ, गौरव लिलारिया, कनक हरी अग्रवाल, राघवेन्द्र गोयनका, राहुल खेतान, राजेश छापड़िया, पवन चौधरी, पीयूष सराफ, उमा गोयल, स्वाति अग्रवाल, नमामी अग्रवाल, नम्रता गोयनका, श्रुति ढींगरा, रुचि लिलारिया, संजय सुरेका, सुलोचना पोद्दार, अनु पोद्दार, निधि अग्रवाल समेत संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।









