स्थापना दिवस पर सजेगा दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गुजरात दिवस संग गरबा व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस 1 मई 2026 को भव्य आयोजन के साथ मनाया जाएगा। गुजरात दिवस, गरबा और मेधावी छात्रों का सम्मान कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा

स्थापना दिवस पर सजेगा दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गुजरात दिवस संग गरबा व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

विभव पाठक /ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर, 28 अप्रैल। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस इस वर्ष 1 मई 2026 को परंपरानुसार भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाला यह समारोह संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक योगदान को रेखांकित करेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9:00 बजे पंत पार्क में गोविन्द बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके बाद प्रातः 9:20 बजे पंत भवन स्थित शिलान्यास स्थल पर विधिवत पूजन किया जाएगा। मुख्य समारोह प्रातः 10:00 बजे महायोगी गुरु श्री गोरक्षनाथ शोधपीठ सभागार में आयोजित होगा, जहां विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट पुरातन छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।

इस वर्ष समारोह को विशेष बनाने के लिए गुजरात दिवस का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पारंपरिक गरबा नृत्य सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। यह आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित करेगा और देश की सांस्कृतिक विविधता को मंच प्रदान करेगा।

इसी क्रम में कुलपति पूनम टंडन ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न समितियों के समन्वयकों के साथ बैठक कर आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुलपति ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तैयारियों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी शिक्षकगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण अवसर को सफल और यादगार बनाएं। यह आयोजन न केवल विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि नई पीढ़ी को प्रेरित करने का माध्यम भी बनेगा।