गोरखपुर में गैंगस्टर एक्ट की बड़ी कार्रवाई, अपराध से अर्जित 10 लाख की कार जब्त
गोरखपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध से अर्जित करीब 10 लाख रुपये की चारपहिया वाहन जब्त की गई। आरोपी मनोज यादव पर धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के कई मामले दर्ज हैं।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। जनपद में संगठित अपराध और अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करने के उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। इसी क्रम में थाना हरपुर बुदहट पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध से अर्जित एक चारपहिया वाहन को जब्त कर लिया है। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश वाद संख्या 11144/2025 के अनुपालन में की गई। मामला थाना गीडा में पंजीकृत मु0अ0सं0 283/2025 से संबंधित है, जिसमें उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट की धारा 2(ख)(I),(XI)/3(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांच में सामने आया कि अभियुक्त मनोज यादव पुत्र अरविंद यादव, निवासी भेउसा थाना हरपुर बुदहट, ने संगठित तरीके से अपराध कर अवैध रूप से संपत्ति अर्जित की थी।
पुलिस का आरोप है कि अभियुक्त ने धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात तथा अन्य आर्थिक अपराधों के माध्यम से संपत्ति बनाई। इसी आधार पर उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अपराध से अर्जित संपत्ति के रूप में चिह्नित चारपहिया वाहन को जब्त कर लिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक मनोज यादव के विरुद्ध विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। थाना गीडा और खजनी में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई पहले से चल रही है।
पुलिस एवं प्रशासन का कहना है कि संगठित अपराध में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अपराध से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित कर जब्ती और कुर्की की कार्रवाई तेज की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी सख्ती से की जाएगी।









