प्रजापति स्वाभिमान एसोसिएशन करेगा मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, 14 जून को प्रतिभा सम्मान समारोह
गोरखपुर में प्रजापति स्वाभिमान एसोसिएशन द्वारा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट 2026 में 70% से अधिक अंक पाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का 14 जून को सम्मान किया जाएगा।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। प्रजापति स्वाभिमान एसोसिएशन, गोरखपुर द्वारा समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से एक प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के संयोजक ओम प्रकाश प्रजापति ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रजापति समाज के उच्च प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं समाज के वरिष्ठजनों की उपस्थिति में मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, प्रतीक चिन्ह तथा प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा उनमें सामाजिक और मानवीय मूल्यों के विकास को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे समाज के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकें।
ओम प्रकाश प्रजापति ने समाज के अभिभावकों से अपील की कि जिन छात्र-छात्राओं ने हाईस्कूल या इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं, वे अपना पासपोर्ट साइज फोटो, अंकपत्र की छायाप्रति, माता-पिता का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित निर्धारित पदाधिकारियों को 13 जून 2026 तक उपलब्ध करा दें।
उन्होंने यह भी बताया कि तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले छात्र-छात्राएं भी सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं।
प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन 14 जून 2026, रविवार को सुबह 10 बजे से वैष्णवी लॉन, हरिओम नगर (जिलाधिकारी आवास के सामने), गोरखपुर में किया जाएगा।
प्रेस वार्ता एवं बैठक में संरक्षक राम प्रसाद प्रजापति, अध्यक्ष अशरफी लाल प्रजापति, सुभाष प्रजापति, मीडिया प्रभारी राधेश्याम प्रजापति, अजय प्रजापति, अम्बिके प्रजापति, अधिवक्ता अविनाश प्रजापति एवं रामलखन प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









