गोरखपुर शहर विधानसभा के प्रभारी बने अरुण कुमार श्रीवास्तव, पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा ने तेज की चुनावी तैयारी

पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा ने गोरखपुर शहर विधानसभा से अरुण कुमार श्रीवास्तव को प्रभारी नियुक्त किया, 403 सीटों पर चुनाव की तैयारी तेज

गोरखपुर शहर विधानसभा के प्रभारी बने अरुण कुमार श्रीवास्तव, पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा ने तेज की चुनावी तैयारी
संत कबीर नगर में आयोजित बैठक में पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता

विभव पाठक 

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर/संत कबीर नगर

संत कबीर नगर में आयोजित पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के सभी घटक दलों की एक विशाल बैठक में महत्वपूर्ण संगठनात्मक फैसले लिए गए। बैठक के दौरान 322 गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से अरुण कुमार श्रीवास्तव को मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके साथ ही देवरिया जिले की बरहज विधानसभा से जनार्दन चौहान तथा गोरखपुर के चिल्लुपार विधानसभा क्षेत्र से चिंतामणि पांडे को भी प्रभारी बनाया गया। तीनों नेताओं को संभावित प्रत्याशी के रूप में भी देखा जा रहा है।

ज्ञात हो कि अरुण कुमार श्रीवास्तव वर्ष 2017 में गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं और क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति को संगठन की मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

बैठक में मोर्चा के नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी की जा रही है। मोर्चा अपने विस्तार और जनाधार को मजबूत करने के लिए अभी से सक्रिय हो गया है।

इस मौके पर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि “डबल इंजन की सरकार तभी कही जाती है जब एक इंजन फेल हो जाए। इस बार पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार बनाकर उस फेल इंजन को ठीक करने का काम किया जाएगा।”

मोर्चा के संयोजक राजन सिंह सूर्यवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि जनता अब यूपीए और एनडीए दोनों को आजमा चुकी है, और अब पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा एक मजबूत तीसरे विकल्प के रूप में उभरकर सामने आया है।

वहीं, भारतीय संविदा कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मोर्चे का कारवां लगातार बढ़ रहा है और गोरखपुर की धरती से ही तीसरे विकल्प के रूप में सरकार बनाने की दिशा में सकारात्मक माहौल बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता का रुझान तेजी से मोर्चे की ओर बढ़ रहा है।