चित्रकूट के मानिकपुर ब्लॉक में इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय गढचपा में बड़ा खुलासा, बीएसए के प्रतिबंध पर भी उठे सवाल

चित्रकूट के मानिकपुर ब्लॉक में इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय गढचपा में बड़ा खुलासा, बीएसए के प्रतिबंध पर भी उठे सवाल

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। जनपद के मानिकपुर ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गढचपा के मजरा स्थित इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय में छात्र उपस्थिति और मिड-डे मील (एमडीएम) की धनराशि को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। विद्यालय में पंजीकृत छात्र संख्या 180 बताई जा रही है। 21 अप्रैल को उपस्थिति रजिस्टर में 109 छात्र दर्ज थे, लेकिन करीब 13 दिन बाद जब सोमवार को रजिस्टर की जांच की गई तो बीच के दिनों में बच्चों की हाजिरी ही नहीं भरी गई। मौके पर मात्र 23 बच्चे ही उपस्थित मिले। मामले की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरुण सिंह उर्फ मिंटू सिंह विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति बेहद कम है, इसके बावजूद मिड-डे मील की धनराशि लगातार निकाली जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिन विद्यालयों में छात्र संख्या 150 से कम होती है, वहां प्रधानाध्यापक के बजाय सहायक अध्यापक की तैनाती की जानी चाहिए। इसके बावजूद यहां व्यवस्थाएं नियमों के विपरीत चल रही हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि विद्यालय के कक्षाओं में ताला लगा मिला। आरोप है कि प्रधानाध्यापक आशीष कुमार द्वारा बच्चों की वास्तविक संख्या छिपाने के लिए कक्षाओं को बंद कराया गया था। जब कक्षाओं को खुलवाया गया तो मात्र 23 बच्चे ही मौजूद मिले, जिससे पूरे मामले की पोल खुल गई। इधर, बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) द्वारा पत्रकारों के स्कूलों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कदम स्कूलों में हो रही अनियमितताओं, खासकर उपस्थिति और एमडीएम धनराशि के उपयोग की सच्चाई छिपाने के लिए उठाया गया है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर कागजों में सैकड़ों बच्चों की उपस्थिति दिखाकर सरकारी योजनाओं का लाभ किसे पहुंचाया जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी इस पर कब कार्रवाई करेंगे।